हरिद्वार पुलिस का सराहनीय कार्य: लावारिस शव हत्याकांड का 48 घंटे में खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार।कोतवाली नगर हरिद्वार पुलिस ने लावारिस शव हत्याकांड का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने इस जटिल मामले को सुलझाकर मृतक को न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
14 अप्रैल 2026 को वन विभाग के कर्मचारी द्वारा सूचना दी गई कि राजाजी नेशनल पार्क क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और करीब 45 वर्षीय व्यक्ति को लहूलुहान हालत में पाया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान न होने पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया और फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने गंगा घाटों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में गहन पूछताछ की। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक व डिजिटल सर्विलांस का सहारा लिया गया। जांच में संकेत मिला कि आरोपी नशे के आदी हैं और मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करते।
17 अप्रैल को गश्त के दौरान हिल बाईपास फ्लाईओवर के पास दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए, जिनका हुलिया संदिग्धों से मेल खाता था। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें घेरकर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि 13 अप्रैल की रात शराब और गांजे के नशे में उन्होंने हरकी पैड़ी क्षेत्र में एक बाबा से बीड़ी मांगी। बाबा की जेब में पैसे देखकर लालच में आकर दोनों ने सुनसान स्थान पर ले जाकर पहले धक्का दिया, जिससे वह पत्थरों पर गिर गया। इसके बाद पत्थर से सिर पर वार कर हत्या कर दी और पैसे लेकर फरार हो गए।
मामले के खुलासे के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, जिसके लिए पुलिस प्रयासरत है।
आरोपी विवरण में मनोज कुमार उर्फ चिकना (25 वर्ष), निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश,रोहित कुमार (19 वर्ष), निवासी पटना, बिहार
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा सहित उपनिरीक्षक व पुलिस कर्मियों की टीम ने इस सफलता में अहम भूमिका निभाई।

