आंगनबाड़ी हड़ताल पर वार्ता बेनतीजा, मानदेय बढ़ोतरी तक आंदोलन जारी; 15 हजार केंद्रों पर ताले
देहरादून। आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सेविका एवं मिनी कर्मचारी संगठन के पदाधिकारियों ने सचिव स्तर पर वार्ता के दौरान विभाग पर धरना तोड़ने के प्रयासों का आरोप लगाया।
संगठन ने सवाल उठाया कि जिन संगठनों का आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से सीधा संबंध नहीं है, उन्हें वार्ता में क्यों बुलाया गया, जबकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आईसीडीएस के तहत कार्य करती हैं, किसी राजनीतिक या ट्रेड यूनियन से नहीं।
वार्ता के दौरान संगठन ने भारतीय मजदूर संघ, एक्टू, इटक और सीटू जैसे बड़े ट्रेड यूनियनों की भूमिका पर भी आपत्ति जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी की समस्याएं अलग हैं और इन्हें सीधे संगठन के साथ ही सुलझाया जाना चाहिए।
सचिव शैलेश बगौली ने जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं तो उन्होंने आश्चर्य जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागीय समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक मानदेय में वृद्धि नहीं की जाती, तब तक धरना समाप्त नहीं होगा।
संगठन की अध्यक्षा रेखा नेगी ने कहा कि अधिकारियों ने भी स्वीकार किया कि प्रदेश में करीब 15 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताले लगे हुए हैं, जिससे विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन अपने रुख पर कायम है और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान कर चुका है।

