केदारनाथ धाम में जेबकतरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद

केदारनाथ धाम में जेबकतरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद
Spread the love

रुद्रप्रयाग।केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात पुलिस टीम ने जेबकतरी की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। 29 अप्रैल 2026 को कोतवाली सोनप्रयाग क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तीन पर्स बरामद हुए, जिनमें विभिन्न व्यक्तियों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड तथा ₹6,020 की नकदी मिली।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने मंदिर परिसर और दर्शन लाइन की भीड़ का फायदा उठाकर ब्लेड से यात्रियों के पर्स काटकर चोरी की थी। पुलिस ने उसके पास से वारदात में प्रयुक्त ब्लेड का टुकड़ा भी बरामद किया है।

अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली सोनप्रयाग में मु.अ.सं. 12/2026 के तहत धारा 112 भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा दर्ज किया गया है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शनि शर्मा पुत्र बिरमपाल निवासी गाजीवाली, श्यामपुर जिला हरिद्वार के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में आरक्षी सन्दीप सिंह, आरक्षी सूरज बेंजवाल और आरक्षी नरेन्द्र शुक्ला शामिल रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ क्षेत्र में जेबकतरी करने वाले अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

देवभूमि खबर

Related articles