ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता: पटेलनगर पुलिस ने स्मैक तस्कर को दबोचा, 8 लाख की ड्रग्स बरामद
देहरादून।पटेलनगर क्षेत्र में दून पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 26.80 ग्राम स्मैक (अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये से अधिक) बरामद की है।
मुख्यमंत्री उत्तराखंड सरकार के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन को सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अप्रैल 2026 की शाम लाल पुल, सहारनपुर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध होंडा जैज कार (UK-08-Q-7125) को रोका। तलाशी लेने पर चालक पारितोष मनचंदा के पास से स्मैक बरामद हुई।
अभियुक्त पारितोष मनचंदा, निवासी बहुगुणा कॉलोनी अजबपुर खुर्द, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कोतवाली पटेलनगर में धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत पूरे जनपद में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुंसाई द्वारा किया गया, जिसमें उपनिरीक्षक प्रवीण पुण्डीर, उपनिरीक्षक विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार, कांस्टेबल प्रवीण कुमार और नितिन सैनी शामिल रहे।

