केदारनाथ धाम में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षित व सुव्यवस्थित यात्रा पर जोर

केदारनाथ धाम में व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण, सुरक्षित व सुव्यवस्थित यात्रा पर जोर
Spread the love

केदारनाथ ।धाम में यात्रा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडेय एवं आईजी गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का व्यापक जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने धाम क्षेत्र में संचालित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहितों से संवाद कर यात्रा में आ रही कठिनाइयों और सुझावों की जानकारी ली तथा मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। दर्शन के लिए लागू टोकन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए गए, साथ ही बिना टोकन किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को सख्ती से रोकने पर जोर दिया गया।

स्वच्छता व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देते हुए शौचालयों की नियमित सफाई, पेयजल उपलब्धता और पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। बर्फबारी के चलते फिसलन वाले स्थानों पर नियमित बर्फ हटाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि आवाजाही सुरक्षित बनी रहे।
सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

हेली सेवाओं, हेलिपैड संचालन, स्वास्थ्य सुविधाओं, बिजली, पेयजल, आवास और भोजन जैसी आवश्यक सेवाओं का भी निरीक्षण किया गया। संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने बताया कि मौसम की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जा सकता है। राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और संतोषजनक यात्रा अनुभव प्रदान करना है।

इस दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और तीर्थ पुरोहित भी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles