देहरादून में डेढ़ करोड़ की नकदी बरामद, स्कॉर्पियो में बने सीक्रेट केबिन से मिला कैश

देहरादून में डेढ़ करोड़ की नकदी बरामद, स्कॉर्पियो में बने सीक्रेट केबिन से मिला कैश
Spread the love

देहरादून के कैंट थाना क्षेत्र में एसएसपी देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर की एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन से लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकद धनराशि बरामद की है। बरामद नकदी के संबंध में वाहन सवार कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

जानकारी के अनुसार 15 मई 2026 को कैंट पुलिस द्वारा राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र स्थित सिरमौर मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने पर MH12XT 3245 नंबर की महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन को रोककर जांच की। वाहन चालक ने अपना नाम सतीश भाई निवासी मेहसाणा गुजरात बताया। वाहन में उसके साथ जसवंत संघ बनाजी निवासी पाटन गुजरात तथा सचिन पटेल निवासी विसनगर गुजरात भी सवार थे।
वाहन के दस्तावेज मांगने पर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वाहन में भारी मात्रा में नकदी होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उच्चाधिकारियों को सूचना देते हुए आयकर विभाग की टीम को मौके पर बुलाया।

आयकर विभाग और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी लेने पर गाड़ी की बीच और पिछली सीट के नीचे बनाए गए एक सीक्रेट केबिन से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में नकदी लगभग 1 करोड़ 55 लाख रुपये आंकी गई है।

पूछताछ में चालक ने बताया कि वह यह रकम बनारस से लेकर आया था और उसे वाहन में बैठे जसवंत को देना था। हालांकि धनराशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। फिलहाल आयकर विभाग की टीम तीनों व्यक्तियों से गहन पूछताछ कर रही है तथा बरामद धनराशि का सत्यापन किया जा रहा है।

पुलिस ने संबंधित स्कॉर्पियो वाहन को सीज कर दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles