अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में जल्द होगी शिक्षकों की तैनाती, शिक्षा विभाग में समाप्त होंगे सभी अटैचमेंट: डॉ धन सिंह रावत
देहरादून। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने राज्य के सभी अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को एक सप्ताह के भीतर भरने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि स्क्रीनिंग परीक्षा में सफल शिक्षकों की काउंसलिंग कर उन्हें वरीयता के आधार पर तैनाती दी जाएगी, ताकि विद्यालयों में पठन-पाठन सुचारू रूप से संचालित हो सके।
यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डा. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता बेहद जरूरी है।
बैठक में एससीईआरटी में लंबे समय से रिक्त चल रहे शैक्षणिक संवर्ग के पदों को प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरने का भी निर्णय लिया गया। मंत्री ने कहा कि शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को बाधित होने से बचाने के लिए यह व्यवस्था आवश्यक है। जब तक एससीईआरटी का पृथक ढांचा स्वीकृत नहीं हो जाता, तब तक वैकल्पिक रूप से प्रतिनियुक्ति के माध्यम से पद भरे जाएंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डायटों की नियमावली को वित्त एवं कार्मिक विभाग से समन्वय स्थापित कर शीघ्र मंत्री परिषद की बैठक में प्रस्तुत किया जाए। इसके अलावा लंबे समय से लंबित शिक्षकों की पदोन्नति संबंधी प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि पिछले शैक्षणिक सत्र में किए गए सभी प्रकार के संबद्धीकरण समाप्त किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षकों और कार्मिकों की मूल तैनाती वाले विद्यालयों में कार्य प्रभावित नहीं होगा। नए शिक्षा सत्र में आवश्यकता के अनुसार ही संबद्धीकरण किया
बैठक में सचिव विद्यालयी शिक्षा रविनाथ रमन, महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा दीप्ति सिंह, प्रभारी निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ. मुकुल सती सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

