डॉ धन सिंह रावत ने धारी देवी पर्यटन सर्किट के विकास कार्यों में तेजी के दिए निर्देश, राहु मंदिर को भी जोड़ा जाएगा पर्यटन मानचित्र से
देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डाॅ. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन धारीदेवी-कमलेश्वर-देवलगढ़-खिर्सू-क्यूंकलेश्वर-पौड़ी पर्यटन सर्किट के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पैठाणी स्थित राहु मंदिर को भी पर्यटन सर्किट से जोड़ते हुए वहां चल रहे विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने को कहा है।
अपने शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में डाॅ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में राहु मंदिर परिसर में घाट निर्माण, पार्किंग और हेलीपैड निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा धारी देवी, देवलगढ़, खिर्सू और कंडोलिया पौड़ी पर्यटन सर्किट के कार्यों को भी जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि धारी देवी, खिर्सू, क्यूंकलेश्वर और कंडोलिया क्षेत्र के अधिकांश कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। वहीं कमलेश्वर मंदिर के मुख्य द्वार का निर्माण कार्य प्रगति पर है तथा देवलगढ़ में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।
बैठक में अपर सचिव पर्यटन अभिषेक रोहिल्ला, गढ़वाल मंडल विकास निगम की एमडी कुसुम चौहान, अधीक्षण अभियंता तेजपाल सिंह सहित पर्यटन विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

