राहगीरों से अभद्रता और मारपीट पर उतारू युवकों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस की कार्रवाई

राहगीरों से अभद्रता और मारपीट पर उतारू युवकों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस की कार्रवाई
Spread the love

टिहरी । टिहरी गढ़वाल पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत तपोवन क्षेत्र में देर रात हुड़दंग कर रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया गया।


पुलिस कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, 19 मई 2026 की रात्रि पुलिस चौकी तपोवन को सूचना मिली कि आनंद धाम वाली गली, लक्ष्मण झूला रोड सीडी मार्ग पर कुछ युवक राहगीरों पर छींटाकशी करते हुए अभद्रता और हुड़दंग कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय और अव्यवस्था का माहौल बन गया है।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी तपोवन प्रवीन रावत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां चार युवक सार्वजनिक मार्ग पर उत्पात मचाते मिले। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा समझाने का प्रयास किए जाने के बावजूद युवक शांत नहीं हुए और राहगीरों के साथ मारपीट पर उतारू हो गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मौके पर शांति व्यवस्था बहाल की गई, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों ने राहत महसूस की।
पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह तोमर, हेड कांस्टेबल भीम दत्त शर्मा और कांस्टेबल सत्येंद्र रावत शामिल रहे।

टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, अभद्रता और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles