राज्यपाल ने टी-ऑफ कर किया 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ प्रतियोगिता का शुभारम्भ

राज्यपाल ने टी-ऑफ कर किया 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ प्रतियोगिता का शुभारम्भ
Spread the love

रिपोर्ट:ललित जोशी

नैनीताल। सरोवर नगरी स्थित लोक भवन गोल्फ कोर्स में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 21वां “गवर्नर्स कप गोल्फ प्रतियोगिता” शुरू हो गया। राज्यपाल Gurmit Singh ने टी-ऑफ कर प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों के 179 गोल्फ खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस वर्ष की प्रतियोगिता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री Bhuvan Chandra Khanduri की स्मृति को समर्पित की गई है।

प्रतियोगिता में 110 सामान्य श्रेणी, 27 जूनियर खिलाड़ी, 9 महिला खिलाड़ी, 29 वरिष्ठ खिलाड़ी तथा 4 अति वरिष्ठ खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। जूनियर वर्ग में 6 बालिकाएं भी शामिल हैं। प्रतियोगिता में 81 वर्षीय कर्नल एच.सी. गुप्ता सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी हैं, जबकि 7 वर्षीय इलाक्षी राठौड़ सबसे कम आयु की प्रतिभागी हैं।

शुभारम्भ अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि गवर्नर्स कप केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि उत्तराखण्ड की पर्यटन संभावनाओं और खेल क्षमताओं को प्रदर्शित करने का प्रभावशाली माध्यम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और प्रदेश के विकास के प्रति स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूड़ी का समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

राज्यपाल ने कहा कि इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें हर आयु वर्ग की भागीदारी देखने को मिल रही है। उन्होंने कहा कि लोक भवन गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक महत्व और वन्यजीवन संरक्षण इसे विशेष पहचान प्रदान करते हैं।

उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार प्रतियोगिता और प्रशिक्षण कार्यक्रमों में युवाओं, महिलाओं और बेटियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम से 135 बच्चों ने लाभ लिया, जिनमें बड़ी संख्या बेटियों की रही।

राज्यपाल ने कहा कि गोल्फ केवल शारीरिक कौशल का खेल नहीं, बल्कि धैर्य, अनुशासन, लक्ष्य के प्रति एकाग्रता और विपरीत परिस्थितियों में मानसिक संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कहा कि यह खेल व्यक्तित्व निर्माण के साथ आत्मिक शांति को भी मजबूत करता है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने लोक भवन गोल्फ कोर्स पर आधारित कॉफी टेबल पुस्तक “ए सेलिब्रेशन ऑफ गोल्फ, नेचर एंड हैरिटेज” का विमोचन भी किया।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “फिट इंडिया” और “खेलो इंडिया” अभियान के अनुरूप खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जो खेलेगा वही खिलेगा” की भावना आज युवाओं को नई ऊर्जा और दिशा दे रही है।

इस अवसर पर सचिव राज्यपाल एवं उपाध्यक्ष गोल्फ कोर्स नैनीताल रविनाथ रामन, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अनेक अधिकारी, प्रायोजक संस्थानों के प्रतिनिधि एवं गोल्फ खिलाड़ी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles