कैरम प्रतियोगिता भाईचारे और तनावमुक्त वातावरण को बढ़ावा देगी : अरुण सिंह बिष्ट
रिपोर्ट : ललित जोशी
नैनीताल। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन नैनीताल द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय प्रताप सिंह मौनी की स्मृति में प्रथम जिला स्तरीय कैरम टूर्नामेंट-2026 का आयोजन आगामी 25 मई से बार सभागार में किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डी.एस. दानू (एडवोकेट) एवं जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 मई निर्धारित की गई थी और सभी स्लॉट पूर्ण रूप से भर चुके हैं। अब टूर्नामेंट के मैचों के फिक्स्चर तैयार किए जा रहे हैं, ताकि सभी मुकाबले समयबद्ध तरीके से संपन्न कराए जा सकें।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता नॉक-आउट आधार पर आयोजित होगी, जिसमें सिंगल्स और डबल्स दोनों श्रेणियों में मुकाबले खेले जाएंगे। सभी मैच प्रतिदिन न्यायिक कार्य समाप्त होने के बाद शाम 4 बजे से शुरू होंगे। प्रतियोगिता में विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण सिंह बिष्ट ने कहा कि खेल गतिविधियां अधिवक्ताओं के बीच आपसी समन्वय, भाईचारे और तनावमुक्त वातावरण को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं। वहीं सचिव संजय सुयाल ने सभी अधिवक्ताओं से प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाने की अपील की।

