चारधाम पंजीकरण केंद्र का नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने किया औचक निरीक्षण, यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष जोर
हरिद्वार ।चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी मुख्यालय एवं नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने चारधाम पंजीकरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और स्वास्थ्य संबंधी इंतजामों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी ने कहा कि जिला प्रशासन चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पंजीकरण केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, सुलभ शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। उन्होंने नगर निगम एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं लगातार सुचारू रूप से संचालित रहें, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि यात्रियों के बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियां उपलब्ध कराई गई हैं। पंजीकरण प्रक्रिया को सरल और त्वरित बनाने के लिए केंद्र पर 20 काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां पंजीकरण के साथ स्वास्थ्य परीक्षण (मेडिकल चेकअप) की सुविधा भी दी जा रही है।
श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बड़े पानी के टैंकर भी लगाए गए हैं। प्रशासन द्वारा यात्रा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं तथा व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा भी की जा रही है।

