राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष बनने पर हुकम सिंह कुंवर का शहीद स्मारक में भव्य स्वागत

राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष बनने पर हुकम सिंह कुंवर का शहीद स्मारक में भव्य स्वागत
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच द्वारा राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के नवनियुक्त अध्यक्ष हुकम सिंह कुंवर का रविवार को देहरादून स्थित शहीद स्मारक में स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर हुकम सिंह कुंवर ने सबसे पहले शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में मंच के पदाधिकारियों एवं आंदोलनकारियों ने नवनियुक्त अध्यक्ष का शॉल ओढ़ाकर और माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। मंच के प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी तथा सलाहकार केशव उनियाल ने परिषद अध्यक्ष से राज्य आंदोलनकारियों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय पहल करने का आग्रह किया।

इस दौरान आंदोलनकारी नेताओं ने सभी छूटे हुए आंदोलनकारियों को पहचान दिलाने, चयनित युवाओं को शीघ्र राजकीय सेवा का लाभ प्रदान करने तथा अन्य लंबित मांगों के निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री स्तर पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग उठाई।

सलाहकार पृथ्वी सिंह नेगी, राधा तिवारी एवं गणेश डंगवाल ने भी हुकम सिंह कुंवर का स्वागत करते हुए अपेक्षा जताई कि वे चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों के आश्रितों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ दिलाने तथा आयु सीमा को पूर्व की भांति 50 वर्ष किए जाने के लिए प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी एवं मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनियुक्त अध्यक्ष के नेतृत्व में राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े लंबित मामलों के समाधान को नई गति मिलेगी।

देवभूमि खबर

Related articles