पथरी गैंगरेप मामले का पुलिस ने किया खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस के अनुसार, थाना पथरी क्षेत्र के फुलगढ़ जंगल में नाबालिग किशोरी से कथित गैंगरेप और उसके साथ मौजूद युवक से मारपीट के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई 2026 की रात हुई इस घटना के संबंध में 13 जुलाई को पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर थाना पथरी में मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने एफएसएल की मदद से साक्ष्य जुटाए और लगातार दबिश देकर 17 जुलाई को छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है तथा उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

