पेपर लीक से मनी लॉन्ड्रिंग तक: ईडी ने हाकम सिंह रावत की ₹63.30 लाख की संपत्ति कुर्क

पेपर लीक से मनी लॉन्ड्रिंग तक: ईडी ने हाकम सिंह रावत की ₹63.30 लाख की संपत्ति कुर्क
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित हाकम सिंह रावत की ₹63.30 लाख मूल्य की संपत्ति कुर्क कर दी है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत की गई है।

ईडी के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियां कथित रूप से पेपर लीक से अर्जित अवैध आय से संबंधित हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में धांधली और उससे प्राप्त धन के लेन-देन की जांच के दौरान इन संपत्तियों का पता चला, जिसके बाद उन्हें अस्थायी रूप से कुर्क करने की कार्रवाई की गई।

पेपर लीक मामले की जांच उत्तराखंड एसटीएफ द्वारा दर्ज विभिन्न एफआईआर के आधार पर की जा रही है। इन्हीं मामलों को आधार बनाकर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया और वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों, संपत्तियों तथा अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू की।

जांच में एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि पेपर लीक के माध्यम से अर्जित धन का उपयोग किन-किन संपत्तियों के अधिग्रहण में किया गया तथा इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे। ईडी का कहना है कि मामले में वित्तीय लेन-देन और अन्य संदिग्ध संपत्तियों की जांच अभी भी जारी है तथा आवश्यक होने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि उत्तराखंड भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामला सामने आने के बाद राज्य में कई गिरफ्तारियां हुई थीं। इस मामले की जांच पहले एसटीएफ ने की और बाद में वित्तीय अनियमितताओं के पहलू सामने आने पर ईडी ने भी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। ईडी की ताजा कार्रवाई को इस मामले में अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles