तीनपानी चापड़-छुरा हमला कांड का खुलासा, हल्द्वानी पुलिस ने तीनों आरोपी 24 घंटे में दबोचे

हल्द्वानी। तीनपानी क्षेत्र में चापड़ और छुरे से जानलेवा हमला करने के मामले में हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को दबोचकर मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को तीनपानी निवासी यमन प्रकाश ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि शनि मंदिर के पास सोनकर फार्म, तीनपानी मंडी के निकट गौरव महतोलिया, सौरभ महतोलिया और सचिन महतोलिया ने उसके और उसके भाई के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि हमलावरों ने उसके भाई पर चापड़ और छुरे से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 31 जुलाई को गौरव महतोलिया और सचिन महतोलिया को मंगलपड़ाव क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इसके बाद फरार चल रहे तीसरे आरोपी सौरभ महतोलिया को 1 अगस्त को भोटियापड़ाव टैक्सी स्टैंड से गिरफ्तार कर लिया गया।
विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों, घटनास्थल के निरीक्षण और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार (प्रभारी चौकी मंडी), कांस्टेबल अरुण राणा, कांस्टेबल मोहम्मद अजहर तथा कांस्टेबल राहुल राणा ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

