भरोसे की आड़ में लाखों की विद्युत केबिल चोरी, सब-कॉन्ट्रैक्टर 24 घंटे में गिरफ्तार; ₹5 लाख की केबिल बरामद

भरोसे की आड़ में लाखों की विद्युत केबिल चोरी, सब-कॉन्ट्रैक्टर 24 घंटे में गिरफ्तार; ₹5 लाख की केबिल बरामद
Spread the love

अल्मोड़ा। चौखुटिया पुलिस ने भरोसे की आड़ में कंपनी की लाखों रुपये की विद्युत केबिल चोरी करने वाले फरार सब-कॉन्ट्रैक्टर को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब ₹5 लाख मूल्य की 6 बंडल विद्युत केबिल और एक केबिल कटर बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 31 जुलाई 2026 को मैसर्स एस.जे. ट्रांसफॉर्मर्स एलएलपी के मैनेजर वासुदेव चिलकोटी ने कोतवाली चौखुटिया में तहरीर देकर बताया कि उनकी कंपनी मासी-चौखुटिया क्षेत्र में विद्युत लाइनों को बंच केबिल में परिवर्तित करने का कार्य कर रही है। निरीक्षण के दौरान छह ड्रमों से बड़ी मात्रा में विद्युत केबिल चोरी होना पाया गया। कंपनी ने यह कार्य सब-कॉन्ट्रैक्टर रंजीत को सौंपा था, जो घटना के बाद बिना सूचना के फरार हो गया।

तहरीर के आधार पर कोतवाली चौखुटिया में एफआईआर संख्या 17/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से कार्रवाई करते हुए 1 अगस्त 2026 को आरोपी रंजीत (28 वर्ष) निवासी ग्राम यूसुफपुर नगलिया करनपुर, थाना पकवाड़ा, जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 6 बंडल विद्युत केबिल तथा केबिल कटर बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹5 लाख बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। चौखुटिया पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से कंपनी की लाखों रुपये की संपत्ति बरामद कर ली गई।

देवभूमि खबर

Related articles