रुद्रपुर में ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम से मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

रुद्रपुर। ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 1 अगस्त 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि झील के समीप कुछ लोग बच्चों के साथ मारपीट कर रहे हैं तथा मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी अभद्रता और मारपीट की जा रही है।
सूचना पर वरिष्ठ उप निरीक्षक खुशवंत सिंह पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। इस दौरान दो व्यक्तियों ने पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट की, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में लेकर कोतवाली रुद्रपुर लाया। पुलिस की तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 121(1), 351(2) एवं 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह (27 वर्ष) निवासी प्रीत विहार, रुद्रपुर (मूल निवासी पंजाब) तथा सुरजीत कुमार (28 वर्ष) निवासी बेस पड़ेमा, थाना जहानाबाद, जनपद पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

