नैनीताल पुलिस ने जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

नैनीताल पुलिस ने जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

नैनीताल। बनभूलपुरा क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई सनसनीखेज हत्या का नैनीताल पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे मृतक के आरोपी की पत्नी से संबंध होने का शक बताया गया है।

दिनांक 16 सितंबर 2026 को जवाहर नगर के स्थानीय पार्षद ने कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस को सूचना दी कि क्षेत्र में एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति बरामदे में मृत अवस्था में मिला। स्थानीय पूछताछ में मृतक की पहचान अमन ठाकुर पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ उत्तर प्रदेश, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई। बताया गया कि अमन पिछले करीब चार-पांच वर्षों से उक्त मकान में रह रहा था।

मौके पर पहुंची नैनीताल पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिलने के बाद प्रथम दृष्टया मृत्यु संदिग्ध प्रतीत हुई। फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक भौतिक साक्ष्य संकलित किए और शव को पोस्टमार्टम एवं अग्रिम कार्रवाई के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया।

मृतक के परिजनों के संबंध में तत्काल जानकारी नहीं मिलने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट, प्राप्त तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने न्यायहित में कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 151/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत निक्की उर्फ नाटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल ने संभाली।

हत्या की घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उनके निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के साथ अन्य साक्ष्यों को जुटाया। पुलिस ने नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को 17 सितंबर 2026 को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से नीचे गौला नदी किनारे हजारा की खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल दुपट्टा उसके कार्यस्थल मस्ता टेंट हाउस, जवाहर नगर, बनभूलपुरा से बरामद किया गया।

गिरफ्तार आरोपी निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेन्द्र बाल्मिकी, निवासी वार्ड नंबर 14, जवाहर नगर, कोतवाली बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल, उम्र 32 वर्ष है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद किया है।

पुलिस पूछताछ और पंचायतनामा की कार्रवाई के दौरान मृतक के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार आरोपी अमन को पसंद नहीं करता था और उसे अपनी पत्नी के साथ अमन के संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर आरोपी का अपनी पत्नी और अमन के साथ आए दिन विवाद होता था। पुलिस के अनुसार 15 सितंबर 2026 को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 176/2025, धारा 60 आबकारी अधिनियम, थाना कोतवाली बनभूलपुरा में दर्ज है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक गगनदीप सिंह, उपनिरीक्षक जगवीर सिंह, उपनिरीक्षक मनोज यादव, कांस्टेबल मौ. यासीन, कांस्टेबल लक्ष्मण राम, कांस्टेबल मेहबूब अली, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles