राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलेगा, सड़क सुरक्षा उपायों में तेजी लाने के निर्देश:गौरव कुमार

राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलेगा, सड़क सुरक्षा उपायों में तेजी लाने के निर्देश:गौरव कुमार
Spread the love

गोपेश्वर। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों से अतिक्रमण हटाने, अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जनपद में एनएच-107ए, एनएच-109, एनएच-07, एनएच-109के और एनएच-107बी सहित कुल छह राष्ट्रीय राजमार्ग हैं। इन मार्गों पर अब तक 359 अतिक्रमण चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 92 अतिक्रमण हटाए जा चुके हैं, जबकि 267 अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई नियमानुसार जारी है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सभी सड़क निर्माण एवं अनुरक्षण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप राष्ट्रीय राजमार्गों पर चिन्हित सभी अतिक्रमणों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र हटाया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य को विशेष अभियान के रूप में संचालित किया जाए और सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें।

उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे अवैध पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश देते हुए हाईवे सेफ्टी टास्क फोर्स को नियमित फील्ड निरीक्षण और सतत निगरानी बढ़ाने को कहा। साथ ही नगर निकायों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि हाईवे किनारे नए अतिक्रमण न होने पाए।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को अपनी परिसंपत्तियों एवं सरकारी भूमि पर हुए अतिक्रमणों का चिन्हीकरण कर उन्हें नियमानुसार हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन स्थानों पर वर्तमान में अतिक्रमण नहीं है, वहां भविष्य में अतिक्रमण रोकने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।

बैठक में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर आवश्यकतानुसार दिशा-सूचक संकेतक (साइनेज), चेतावनी बोर्ड, क्रैश बैरियर, रिफ्लेक्टिव टेप तथा अन्य सड़क सुरक्षा संरचनाओं की स्थापना और नियमित अनुरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और यात्रियों की सुरक्षा बेहतर हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट सहित परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles