उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक में 12 लाख से अधिक का गबन करने वाला दैनिक जमा अभिकर्ता गिरफ्तार
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक में लाखों रुपये का गबन करने के आरोप में बैंक के दैनिक जमा अभिकर्ता को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त पर खाताधारकों से बैंक में जमा कराने के लिए धनराशि लेने के बाद उसे बैंक में जमा न कर 12 लाख 31 हजार 458 रुपये का गबन करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार 24 मई 2026 को उत्तराखण्ड को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सचिव एवं महाप्रबन्धक एस.एस. राणा ने कोतवाली ऋषिकेश में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि लक्ष्मणझूला रोड स्थित बैंक में दैनिक जमा अभिकर्ता के रूप में कार्यरत दीपक बढ़ई ने विभिन्न तिथियों में खाताधारकों से बैंक में जमा कराने के लिए धनराशि प्राप्त की, लेकिन उक्त रकम बैंक में जमा नहीं कर उसका गबन कर लिया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमा संख्या 212/2026, धारा 316(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने त्वरित साक्ष्य संकलन करते हुए नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने आवश्यक साक्ष्य संकलन और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी गोपेश्वर मंदिर मार्ग, गली नंबर 11/7, चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, देहरादून, उम्र 29 वर्ष को 9 सितम्बर 2026 को उदय बाग, विकासनगर से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दीपक बढ़ई पुत्र उमेश बढ़ई, निवासी चंद्रेश्वर नगर, ऋषिकेश, देहरादून के रूप में हुई है।
- पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विनेश कुमार, कांस्टेबल अभिषेक एवं कांस्टेबल तेज सिंह शामिल रहे।
