जोशीमठ में अब हर बुधवार होगी अल्ट्रासाउंड जांच, गर्भवती महिलाओं को मिलेगी सुविधा

चमोली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ में गर्भवती महिलाओं एवं आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अब प्रत्येक बुधवार को अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चमोली ने इस संबंध में जिला चिकित्सालय गोपेश्वर के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश जारी किए हैं।
जिला समुचित प्राधिकारी एवं जिलाधिकारी चमोली द्वारा डॉ. गरिमा चौधरी को सप्ताह में एक दिन बुधवार को गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासाउंड जांच करने के लिए पंजीकृत किया गया है। इसी क्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक से डॉ. गरिमा चौधरी, डीएनबी, को निर्धारित दिवस पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ में अल्ट्रासाउंड जांच के संचालन के लिए भेजने का अनुरोध किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव पाल ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य जोशीमठ क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए दूर नहीं जाना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके। सप्ताह में एक दिन नियमित रूप से जांच होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को विशेष लाभ मिलेगा।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ के अधीक्षक को डॉ. गरिमा चौधरी के आने-जाने के लिए वाहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा वाहन के लिए आवश्यक ईंधन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। यह सुविधा प्रत्येक बुधवार को संचालित की जाएगी।
