मोरी में बोलेरो कैंपर 200 मीटर गहरी खाई में गिरा, एसडीआरएफ ने 11 घायलों का किया सफल रेस्क्यू

मोरी। उत्तरकाशी जिले के मोरी क्षेत्र में मंगलवार को एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में 12 लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
15 सितंबर 2026 को थाना मोरी से एसडीआरएफ को उजली कन्याशनि नामक स्थान पर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पोस्ट मोरी प्रभारी हेड कांस्टेबल जयप्रकाश रमोला के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
घटनास्थल पर पहुंचने पर एसडीआरएफ टीम को बोलेरो कैंपर वाहन करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरा मिला। वाहन में सवार 11 लोग घायल अवस्था में मिले। एसडीआरएफ टीम ने संयुक्त रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी 11 घायलों को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो चुकी थी। एसडीआरएफ जवानों ने शव को भी खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
