चमोली के 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में होगा ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम: रेखा आर्या

चमोली। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को कर्णप्रयाग स्थित ब्लॉक सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी मंत्री को दी।
अधिकारियों ने बताया कि चमोली जिले के सभी नौ विकासखंडों में संचालित 1078 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देना तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराना है।
मंत्री रेखा आर्या ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम से संबंधित सभी तैयारियां समय से पहले पूरी कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। उन्होंने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ प्रदेशभर में आयोजित होने वाला महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्यक्रम है। इसमें अधिक से अधिक लाभार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए और तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में पोषण माह भी मनाया जा रहा है। ऐसे में ‘आंगन का मिलन’ के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा अन्य लाभार्थियों को पोषण और बाल विकास से जुड़ी सेवाओं की जानकारी देने के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया जाए, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का समयबद्ध लाभ मिल सके।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां महिला एवं बाल विकास विभाग की मजबूत रीढ़ हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद वे पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस दौरान मंत्री रेखा आर्या ने नगर पालिका कर्णप्रयाग में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सफाई वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि इन वाहनों के संचालन से नगर के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित कूड़ा उठान और सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ एवं स्वस्थ नगर के निर्माण के लिए जनभागीदारी को मजबूत करना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और कर्णप्रयाग को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, नगर उपाध्यक्ष राकेश खंडूरी, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिवि गर्ग, खंड विकास अधिकारी पवन कंडारी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


