HTML tutorial
HTML tutorial

बहेड़ी से झुलाघाट तक नशा तस्करी की कड़ी पर ऊधम सिंह नगर पुलिस का प्रहार, छह तस्कर गिरफ्तार

बहेड़ी से झुलाघाट तक नशा तस्करी की कड़ी पर ऊधम सिंह नगर पुलिस का प्रहार, छह तस्कर गिरफ्तार
Spread the love

ऊधम सिंह नगर। पहाड़ी जनपदों के युवाओं तक नशे की खेप पहुंचाने वाले नशा तस्करों के नेटवर्क के खिलाफ ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी बरेली के बहेड़ी से सस्ते दामों पर स्मैक और नशीले पदार्थ लेकर अल्मोड़ा, नैनीताल और पिथौरागढ़ के युवाओं तक पहुंचा रहे थे। पुलिस कार्रवाई से बहेड़ी से लेकर पिथौरागढ़ के झुलाघाट तक सक्रिय नशा तस्करी की कड़ी को बड़ा झटका लगा है।

यह कार्रवाई थाना पुलभट्टा पुलिस द्वारा 30 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किए गए नशा तस्कर सद्दाम हुसैन से पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर की गई। पुलिस ने चेकिंग के दौरान बहेड़ी और ऊधम सिंह नगर की सीमा पर सद्दाम हुसैन को उसकी स्विफ्ट डिजायर कार सहित पकड़ा था। तलाशी में उसके कब्जे से छह गत्ते के डिब्बों में रखे 150 प्रतिबंधित ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, दो मोबाइल फोन और 3,500 रुपये नकद बरामद हुए थे। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान पुलिस को सद्दाम के मोबाइल फोन से नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त से संबंधित व्हाट्सऐप बातचीत और कॉल विवरण मिले। इनमें नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के नशा तस्करों से संपर्क की जानकारी सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीमों को संबंधित जनपदों में भेजकर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अल्मोड़ा निवासी अक्षय, हल्द्वानी निवासी सौरभ, अल्मोड़ा निवासी पीयूष, पिथौरागढ़ निवासी भूपेंद्र सिंह मेहता, अल्मोड़ा निवासी यशोदा टम्टा और झूलाघाट निवासी रवि थापा शामिल हैं। सभी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22/29 के तहत कार्रवाई की गई है।

पूछताछ में अक्षय ने बताया कि वह स्मैक का आदी है और बहेड़ी से सद्दाम से स्मैक खरीदकर लाता था। वह अपने सेवन के साथ कुछ मात्रा अन्य नशा करने वालों को बेचता था। पुलिस के अनुसार, अक्षय के खिलाफ वर्ष 2025 में अल्मोड़ा कोतवाली में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।

सौरभ हल्द्वानी के दमुवाढूंगा में मेडिकल स्टोर संचालित करता है। पुलिस के मुताबिक वह दुकान से ही स्मैक बेचने का काम करता था। पूछताछ में उसने बहेड़ी निवासी सद्दाम से संपर्क होने और स्मैक एवं नशीले इंजेक्शन खरीदने की बात स्वीकार की। उसके खिलाफ भी पूर्व में अल्मोड़ा कोतवाली में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हो चुका है।

पीयूष भी अल्मोड़ा क्षेत्र में नशा तस्करी से जुड़ा बताया गया है। पूछताछ में उसने बहेड़ी से स्मैक खरीदकर लाने और नशा करने वाले लोगों को बेचने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, वह वर्ष 2023 में स्मैक बरामदगी के मामले में अल्मोड़ा से जेल जा चुका है।

पिथौरागढ़ निवासी भूपेंद्र सिंह मेहता के संबंध में पुलिस ने बताया कि वह शराब की दुकान में विक्रेता का काम करता है। पूछताछ में उसने बहेड़ी निवासी सद्दाम से स्मैक खरीदने और उसका कुछ हिस्सा अन्य नशा करने वालों को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, वह पिछले कुछ वर्षों से स्मैक का सेवन कर रहा था और बाद में तस्करी में भी शामिल हो गया।

अल्मोड़ा निवासी यशोदा टम्टा के संबंध में पुलिस ने बताया कि उसके दोनों बेटे नशे के मामलों में पूर्व में जेल जा चुके हैं। पूछताछ में यशोदा ने बहेड़ी निवासी सद्दाम से स्मैक और नशीले इंजेक्शन खरीदकर लाने तथा अल्मोड़ा एवं हल्द्वानी में छोटी-छोटी मात्रा में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, वह अपने बेटों से जुड़े मुकदमों के खर्च के कारण नशे के कारोबार में शामिल हुई।

झूलाघाट निवासी रवि थापा ने पूछताछ में बताया कि वह बहेड़ी निवासी सद्दाम से स्मैक खरीदता था। पुलिस के अनुसार, वह स्वयं स्मैक का सेवन करने के साथ झूलाघाट क्षेत्र के युवाओं और कुछ नेपाली युवकों को भी स्मैक बेचता था। उसके खिलाफ पूर्व में देहरादून में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस जांच में बहेड़ी निवासी सद्दाम हुसैन को इस नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह बहेड़ी थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ बरेली तथा ऊधम सिंह नगर में नशा तस्करी एवं अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की कड़ियों की जानकारी जुटा रही है।

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के संबंध में किसी भी प्रकार की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles