HTML tutorial
HTML tutorial

केदारनाथ पैदल मार्ग पर घोड़ा-खच्चर संचालकों की सघन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर चालानी कार्रवाई

Spread the love

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए केदारनाथ पैदल मार्ग पर पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा घोड़ा-खच्चर संचालकों और हॉकरों की लगातार सघन चेकिंग की जा रही है। इस दौरान संचालकों के पहचान पत्र और लाइसेंस की जांच के साथ निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।

चेकिंग के दौरान यह देखा जा रहा है कि घोड़ा-खच्चर संचालक अपने निर्धारित मार्ग और लाइसेंस की श्रेणी के अनुरूप ही घोड़ा-खच्चरों का संचालन कर रहे हैं या नहीं। यात्रियों की ढुलाई और माल-सामग्री की ढुलाई के लिए निर्धारित अलग-अलग लाइसेंस व्यवस्था का भी कड़ाई से अनुपालन कराया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, माल ढुलाई के लिए जारी लाइसेंस के आधार पर यात्रियों को घोड़ा-खच्चरों पर बैठाकर ले जाना नियमों का उल्लंघन है। चेकिंग के दौरान इस प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त टीमों द्वारा घोड़ा-खच्चरों के माध्यम से यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से संचालकों के व्यवहार और सेवाओं के संबंध में प्रतिक्रिया भी ली जा रही है। इसका उद्देश्य यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना है। श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार अथवा नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

रुद्रप्रयाग पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीमें केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर लगातार निगरानी और चेकिंग कर रही हैं। पुलिस एवं प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

देवभूमि खबर

Related articles