13 नवंबर को होगा तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन, तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश

देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन का आयोजन आगामी 13 नवंबर 2026 को डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम, दून विश्वविद्यालय, देहरादून में किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सम्मेलन की प्रस्तावित कार्यक्रम रूपरेखा की समीक्षा करते हुए कहा कि इसमें देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत प्रवासी उत्तराखंडियों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उनके अनुभवों, उपलब्धियों और विशेषज्ञता का लाभ प्रदेश के विकास में लिया जाना चाहिए। उन्होंने पूरे देश का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रवासी उत्तराखंडियों को आमंत्रित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सम्मेलन में युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर देते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को प्रवासी उत्तराखंडियों के अनुभवों, नवाचारों और सफलताओं से जोड़ना जरूरी है, ताकि उन्हें आगे बढ़ने और प्रदेश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिल सके।
बैठक में सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों के पंजीकरण, उद्घाटन सत्र की रूपरेखा, प्रतिष्ठित प्रवासी उत्तराखंडियों के संबोधन के लिए अतिथियों के चयन, विभिन्न विषयों पर आयोजित होने वाले सत्रों के पैनल विशेषज्ञों के निर्धारण और सम्मेलन की समयावधि सहित कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्या, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने सम्मेलन की तैयारियों से जुड़े सभी कार्यों की विस्तृत कार्यसूची तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रत्येक कार्य की जिम्मेदारी तय करने के साथ उसकी समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने प्रवासी प्रकोष्ठ और संबंधित अधिकारियों को मंगलवार तक कार्यक्रम की प्रस्तावित रूपरेखा तथा आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने को कहा।
बैठक में अधिकारियों ने सम्मेलन की तैयारियों के संबंध में प्रस्तुतिकरण भी दिया। मुख्य सचिव ने आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सम्मेलन को सुव्यवस्थित, प्रभावी और उद्देश्यपूर्ण बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. आर. राजेश कुमार, दीपेंद्र चौधरी, युगल किशोर पंत, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, प्रवासी प्रकोष्ठ से सुधीर नौटियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


