नैनीताल पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन शातिर चोरों समेत मैकेनिक गिरफ्तार

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन मुख्य आरोपियों और चोरी के वाहन खरीदने तथा उनके पुर्जे बेचने वाले एक मोटरसाइकिल मैकेनिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की कुल छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह गिरोह हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में हल्द्वानी शहर में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल और प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को नाजिम पुत्र जाहिद अली निवासी इंद्रानगर काटा, बनभूलपुरा ने अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या यूपी25क्यू4376 घर के बाहर से चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में कोतवाली बनभूलपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 171/2026 दर्ज किया गया। वहीं, 24 अक्टूबर को निजाम पुत्र बुधु निवासी शाहबाद, रामपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गांधी स्कूल के पास बनभूलपुरा ने अपनी मोटरसाइकिल संख्या यूपी22एजे5716 चोरी होने की तहरीर दी थी। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 185/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 5 नवंबर 2026 को गौला बाईपास रोड से तीन संदिग्धों को चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के आधार पर चोरी के वाहन खरीदने और उनके पुर्जे अलग कर बेचने वाले मैकेनिक को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने करन पाठक (20 वर्ष) पुत्र कैलाश चंद्र पाठक निवासी आरटीओ रोड, पाल कॉलेज, लालपुर नायक, थाना मुखानी; योगेश कुमार आर्या (21 वर्ष) पुत्र विजय कुमार निवासी प्रेमपुर लोश्यानी, थाना मुखानी; दीपक शर्मा (21 वर्ष) पुत्र पाती राम शर्मा निवासी फूलचौड़ इंटर कॉलेज के पास, आरटीओ रोड तथा विजय श्रीवास्तव (22 वर्ष) पुत्र मुंशीलाल निवासी जीतपुर नेगी, रामपुर रोड, हल्द्वानी, मूल निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना भोजीपुरा, बरेली को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने करन, योगेश और दीपक के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित दो अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें शामिल हैं। ये वाहन बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र के मुकदमों से संबंधित हैं। वहीं, विजय श्रीवास्तव के कब्जे से स्प्लेंडर प्रो, स्प्लेंडर प्लस और पल्सर सहित तीन अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। ये वाहन काठगोदाम, हल्द्वानी और भीमताल क्षेत्रों से संबंधित हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हल्द्वानी, काठगोदाम और भीमताल क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी कर विजय श्रीवास्तव को बेचते थे। विजय श्रीवास्तव मोटरसाइकिल मैकेनिक है। वह उत्तर प्रदेश से लोगों को बुलाकर चोरी की मोटरसाइकिलें बेचता था या उनके पुर्जे अलग-अलग कर बाजार में खपाता था। इससे मिलने वाली रकम को सभी आरोपी आपस में बांट लेते थे।
पुलिस के अनुसार, करन पाठक, योगेश कुमार और दीपक शर्मा के विरुद्ध कोतवाली काठगोदाम में भी मुकदमा अपराध संख्या 122/2026, धारा 303(2), 317(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज यादव, हेड कांस्टेबल आनंद पुरी, कांस्टेबल दिलशाद अहमद, रविंद्र खाती, महबूब अली, रोहित कुमार, प्रेम प्रकाश और सुनील कुमार शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम के सराहनीय कार्य के लिए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।


