उत्तराखण्ड राज्य बाल कल्याण परिषद ने बाल दिवस पर आयोजित की सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं

देहरादून। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस एवं बाल दिवस के अवसर पर उत्तराखण्ड राज्य बाल कल्याण परिषद की ओर से आमवाला तरला, ननूरखेड़ा स्थित बाल भवन में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, भाषण, समूह गीत, रचनात्मक गतिविधियों और खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के पूर्व महासचिव बालकृष्ण डोभाल ने की। इस अवसर पर परिषद की महासचिव आशारानी पैन्यूली, आनंद मणि सेमवाल, सुनील जोशी, संयुक्त सचिव ज्योत्सना खत्री, किरण खंडूरी, उपाध्यक्ष मोहन सिंह खत्री, महेश चन्द्र मैठाणी, कविता दत्ता, मनजीत सहित परिषद के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे और उन्हें देश का भविष्य मानते थे। बच्चों के प्रति उनके इसी प्रेम और विचारों को सम्मान देने के लिए प्रतिवर्ष 14 नवंबर को बाल दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर ग्रीन फिल्ड विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों तथा आंगनबाड़ी बाल भवन, आमवाला तरला के बच्चों और शिक्षिकाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही खेलकूद एवं दौड़ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
बुक बैलेंसिंग प्रतियोगिता में तनिष्क भास्कर ने प्रथम, वासु कुमार ने द्वितीय और ओजस्वी पंवार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
थ्री लैग्ड चेन रेस प्रतियोगिता में शिवानी, गुरमीत सिंह एवं शानू श्रीसवाल की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। निहारिका रावत, अक्षित चौहान एवं ओजस्वी पंवार की टीम द्वितीय तथा वैदिक तोमर, कनक राना एवं दिव्या ध्यानी की टीम तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम के समापन पर परिषद के पूर्व एवं वर्तमान महासचिव तथा उपस्थित सदस्यों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित किए। इसके बाद बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया।
परिषद की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, प्रतिभा और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के साथ उनके सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


