HTML tutorial
HTML tutorial

20 से 27 नवंबर तक चलेगा मतदाता सूची का विशेष घर-घर सत्यापन अभियान, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

20 से 27 नवंबर तक चलेगा मतदाता सूची का विशेष घर-घर सत्यापन अभियान, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
Spread the love

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक कर 20 से 27 नवंबर तक संचालित होने वाले विशेष घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को गंभीरता से संचालित किया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेशभर में एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने क्षेत्र की मतदाता सूची का घर-घर जाकर गहन सत्यापन करेंगे। इस दौरान मतदाताओं के नाम, पते, आयु एवं अन्य विवरणों की जांच की जाएगी। सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति मिलने पर संबंधित मतदाता के माध्यम से आवश्यक सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि विधानसभा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, दर्ज विवरण में संशोधन कराने अथवा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक निर्धारित प्रारूपों में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके लिए नाम जुड़वाने हेतु फार्म-6, नाम हटवाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 भरना होगा।

डॉ. पुरुषोत्तम ने निर्देश दिए कि विशेष अभियान के दौरान एक ही मतदाता का नाम एक ही बूथ अथवा एक से अधिक मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में दर्ज होने के मामलों को विशेष रूप से चिह्नित किया जाए। नियमानुसार फार्म-7 के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया अपनाते हुए अतिरिक्त प्रविष्टियों को हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 एवं 18 के अनुसार कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों अथवा एक ही निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत नहीं हो सकता।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम, पता, आयु सहित अन्य विवरण अच्छी तरह जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या अशुद्धि मिलती है तो निर्धारित अवधि में फार्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं। वहीं, किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वह फार्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकता है।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित प्रदेश के सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles