सीएम धामी ने हरिद्वार पहुंचकर योगी आदित्यनाथ की मां को दी श्रद्धांजलि

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता स्वर्गीय सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घाट पहुंचकर दिवंगत सावित्री देवी के अंतिम दर्शन किए और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा कि माता का स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन जीवन की अमूल्य धरोहर होता है। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
नमामि गंगे घाट पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न अंतिम संस्कार में स्वर्गीय सावित्री देवी के छोटे पुत्र महेंद्र बिष्ट ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों, संत-महात्माओं और धार्मिक जगत की विभूतियों ने अंतिम दर्शन कर पुष्पांजलि अर्पित की।
संत समाज की ओर से योगऋषि स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती, आचार्य प्रमोद कृष्णम, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, बाबा हठयोगी, स्वामी दर्शन भारती सहित अनेक संत-महात्माओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश सरकार के कई मंत्री एवं राज्यमंत्री मौजूद रहे। उत्तराखंड से हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मंत्री मदन कौशिक एवं प्रेमचंद अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों में मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी एपी अंशुमान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।


