दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का मानदेय, संगठनों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडलों ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं भोजनमाताओं का दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि सरकार के इस निर्णय से आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विशेषकर ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में उनकी सेवाएं सराहनीय हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के समर्पण से महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत, प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे तथा उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


