HTML tutorial
HTML tutorial

80.15 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, स्टार हाउसिंग फाइनेंस के निदेशकों के छह ठिकानों पर छापेमारी

80.15 करोड़ रुपये के बैंक घोटाले में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, स्टार हाउसिंग फाइनेंस के निदेशकों के छह ठिकानों पर छापेमारी
Spread the love

नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 80.15 करोड़ रुपये के कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड के निदेशकों और अन्य संबंधित लोगों के छह ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई राजस्थान के उदयपुर और महाराष्ट्र के मुंबई में की गई। मामले में नेशनल हाउसिंग बैंक (एनएचबी) को 80.15 करोड़ रुपये का कथित नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

सीबीआई ने नेशनल हाउसिंग बैंक की ओर से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर स्टार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड, उसके निदेशकों और अज्ञात लोकसेवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इसमें आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, खातों में हेराफेरी और आपराधिक कदाचार से संबंधित आरोप शामिल हैं।

शिकायत के अनुसार, कर्ज लेने वाली कंपनी ने कथित तौर पर फर्जी ऋण यानी ऐसे ऋणों का वितरण दिखाकर धनराशि का दुरुपयोग किया, जिनका वास्तविक अस्तित्व नहीं था। इस माध्यम से धनराशि को अन्यत्र हस्तांतरित किया गया, जिससे नेशनल हाउसिंग बैंक को 80.15 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

सीबीआई की तलाशी के दौरान मामले से जुड़े कई आपत्तिजनक दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद हुई है। जांच एजेंसी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

देवभूमि खबर

Related articles