जल्द श्रीनगर मेडिकल काॅलेज में कोरोना के टेस्ट शुरू हो जायेंगे:डॉ धन सिंह रावत
श्रीनगर।प्रदेश के सहकारिता मंत्री और श्रीनगर विधानसभा से विधायक डाॅ धन सिंह रावत इन दिनों अपनी विधानसभा क्षेत्र में डटे हुए हैं। डाॅ रावत अपने विधानसभा क्षेत्र की स्वस्थ्य सुविधाओं को परख रहे हैं। ताकि जनता संक्रमण मुक्त रह सके। अपने दौरे के दौरान उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, स्थानीय प्रशासन और श्रीनगर मेडिकल काॅलेज के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। बैठक में उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान डाॅ धन सिंह रावत ने बताया कि जल्द श्रीनगर मेडिकल काॅलेज में कोरोना के टेस्ट शुरू हो जायेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल काॅलेज में सभी आवश्यक उपकरण और मशीनें लग चुकी है और दो डाॅक्टर पीजीआई चंडीगढ़ से प्रशिक्षण प्राप्त करके आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि मेडिकल काॅलेज के माइक्रोबायोलाॅजी विभाग के डाॅक्टरों ने कोरोना परीक्षण से संबंधित काम शुरू कर दिया है और उसकी जांच रिपोर्ट पीजीआई चंडीगढ़ को मिलान के लिए भेजी गई है। अगर रिपोर्ट मानकों पर खरी उतरती है तो श्रीनगर मेडिकल काॅलेज के माइक्रोबायोलाॅजी विभाग के अधीन स्थापित लैब में कोरोना टेस्ट शुरू कर दिये जायेंगे।

