पहाड़ में होटल हो या संस्थान को 50 से 70 प्रतिशत तक स्थानीय लोगों को रखना होगा : पीसी तिवारी
रिपोर्ट ललित जोशी
नैनीताल ।सरोवर नगरी नैनीताल के मन्नु महारानी होटल से कोविड के दौरान निकाले गये लगभग तीन दर्जन कर्मचारियों को आज एक वर्ष पूरा होने को है।कर्मचारियों को लगातार राजनीतिक दलों और नेताओं का समर्थन मिल रहा है इसी क्रम में आज उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पी सी तिवारी ने भी होटल कर्मचारियों की माँग को जायज बताते हुए समर्थन देने की बात कही ।
आज 11वें दिन क्रमिक अनशन में खीम सिंह और गोपाल उप्रेती बैठे। सभा को संचालन नरेन्द्र पपोला ने किया। महिला कर्मचारी विमला फर्त्याल ने कहा कि होटल प्रबंधन बाहर के लोगों को रख रहा है पर हमारी कोई भी सुनने को तैयार नहीं है।
होटल कर्मचारी मछिन्दर पाल, किशन सिंह, सुशील अधिकार और महिपाल सिंह ने कहा कि होटल प्रबंधक द्वारा पूर्व कर्मचारियों की अनदेखी कर नई नियुक्ति की जा रही है जो कि श्रम कानूनों का सरासर उल्लंघन है। सभा में विमला फर्त्याल द्वारा कहा गया कि 30 साल से जो कर्मचारी होटल में कार्यरत थे उनकी आवाज को होटल प्रबंधक द्वारा नही सुना जा रहा है और अपनी मनमानी की जा रही है।
अन्य समर्थन देने वालो में राष्ट्रीय अध्यक्ष परिवर्तन पार्टी के पी सी तिवारी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगर पहाड़ में कोई भी फैक्टरी, होटल या अन्य कोई भी उधोग लगाया जाएगा तो उसमें 50 से 70% स्थानीय लोगो को रोजगार देना होगा, और अगर ऐसा नहीं किया तो उन्हें इस शहर से जाना होगा।
उपाध्यक्ष परिवर्तन पार्टी गोपाल राम, भगत सिंह छात्र मोर्चा की श्रीमती रेणु जोशी, रंजना सिंह और पंकज भट्ट , परिवहन मजदूर संघ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लीला बोरा, भारतीय मजदूर संघ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेमा बिष्ट इत्यादि द्वारा कहा गया कि अब ये लड़ाई केवल आप लोगो की नही है, जब तक आप लोगो को न्याय नही मिल जाता तब तक हम सब लोग तन, मन और धन से आप लोगो के साथ खड़े हैं।
आंदोलन में वीरेंद्र खनकरियाल, जगदीश प्रकाश, विकास जोशी, महेंद्र कुमार, नन्दी रावत, आशा आर्या और सभी होटल से निकले गए कर्मचारी इत्यादि उपस्थित रहे।

