चोरी से गैंगस्टर एक्ट तक फैला कुख्यात नेटवर्क ध्वस्त ,पोखरी पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को भेजा जेल

चोरी से गैंगस्टर एक्ट तक फैला कुख्यात नेटवर्क ध्वस्त ,पोखरी पुलिस ने चार शातिर अपराधियों को भेजा जेल
Spread the love

चमोली। थाना पोखरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी, एनडीपीएस, आयुध, गौवध/गौवंश एवं गैंगस्टर एक्ट तक फैले एक कुख्यात आपराधिक गिरोह का पर्दाफाश कर चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना 08 दिसंबर 2025 की रात की है, जब हापला–गोपेश्वर रोड पर टीएचडीसी की निर्माणाधीन हाईटेंशन विद्युत लाइन से तार चोरी किए जाने की सूचना थाना पोखरी पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस की घेराबंदी से घबराकर आरोपी अपनी पिकअप वाहन संख्या UK12CB0742 मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए।

पिकअप वाहन के आधार पर की गई जांच में चार अभियुक्तों के नाम सामने आए— नदीम, सलीम, शहजाद एवं दानिश, सभी निवासी जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश)। जांच में यह भी सामने आया कि इन आरोपियों ने 08/09 दिसंबर 2025 की रात एक मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को भी अंजाम दिया था।


इन मामलों में थाना पोखरी में मु0अ0सं0 11/2025 व 12/2025, अंतर्गत धारा 303(2)/317(2)/3(5)/324(2) बीएनएस पंजीकृत किए गए। विवेचना के दौरान यह तथ्य उजागर हुआ कि चारों अभियुक्त कोई सामान्य चोर नहीं, बल्कि उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में सक्रिय एक संगठित आपराधिक गिरोह के सदस्य हैं, जिनके विरुद्ध विभिन्न थानों में कुल 23 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
अभियुक्त शहजाद के विरुद्ध चोरी, जुआ अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, पशु क्रूरता अधिनियम, आयुध अधिनियम, हत्या का प्रयास, गौवंश एवं गौवध निवारण अधिनियम तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 15 अभियोग पंजीकृत हैं।
अभियुक्त नदीम के विरुद्ध चोरी, मारपीट, पशु क्रूरता अधिनियम, गौहत्या निवारण अधिनियम एवं आयुध अधिनियम के तहत 04 अभियोग दर्ज हैं।
अभियुक्त सलीम के विरुद्ध चोरी के 02 अभियोग, जबकि अभियुक्त दानिश के विरुद्ध भी चोरी के 02 अभियोग विभिन्न थानों में पंजीकृत पाए गए।
गिरोह बनाकर संगठित रूप से अपराध करने के आधार पर थाना पोखरी में चारों अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत मु0अ0सं0 01/2026 भी दर्ज किया गया।
पहले चरण में पुलिस ने शहजाद, सलीम और दानिश को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। इसके पश्चात दिनांक 14 जनवरी 2026 को पोखरी पुलिस ने चौथे एवं अंतिम अभियुक्त नदीम पुत्र नफीस, निवासी अकबराबाद, जिला बिजनौर को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए बिजली के तार बरामद किए गए।

गौरतलब है कि अभियुक्त दानिश उर्फ मुन्ना पूर्व में भी जनपद चमोली में चोरी के मामले में जेल जा चुका था। जमानत पर छूटने के बाद वह फरार हो गया था, जिस पर न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। इस बार पुलिस ने उसे पुनः गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पोखरी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय संगठित अपराधियों को कड़ा संदेश मिला है कि देवभूमि की शांति भंग करने वालों के लिए कानून सख्त है और ऐसे अपराधियों के लिए जेल के दरवाज़े खुले हैं।

पुलिस टीम में देवेंद्र कुमार पंत  थानाध्यक्ष, पोखरी
रूकम सिंह नेगी उपनिरीक्षक,नरेश हेड कांस्टेबल
ललित मोहन  कांस्टेबल,भरत टोलिया ,कांस्टेबल चालक गौरव कांस्टेबल आदि शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles