करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश का आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार, फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से लिया था स्टे

करोड़ों की जमीन हड़पने की साजिश का आरोपी सहारनपुर से गिरफ्तार, फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से लिया था स्टे
Spread the love

देहरादून। करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि हड़पने के षड्यंत्र का दून पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए मामले में फरार चल रहे आरोपी राजकमल को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर मृत व्यक्ति के नाम पर कूटरचित पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर भूमि पर स्टे लेने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, पटेलनगर निवासी राहुल देव ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके ममेरे दादा स्वर्गीय केवल कृष्ण ने वर्ष 2009 में वसीयत के माध्यम से अपनी संपत्ति उनके नाम कर दी थी। वर्ष 2016 में उनके निधन के बाद वर्ष 2024 में उक्त संपत्ति उनके नाम दर्ज हो गई। वर्ष 2026 में भूमि की फर्द निकलवाने पर उन्हें पता चला कि बबीता देवी, राजकमल और मो. इनाम कुरैशी ने वर्ष 2025 में मृत केवल कृष्ण के नाम से फर्जी अधिकार पत्र (पावर ऑफ अटॉर्नी) तैयार कर किसी अन्य व्यक्ति को उनके स्थान पर खड़ा कर संपत्ति पर स्टे लेने के लिए आपत्ति दाखिल की थी।

शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में 17 अप्रैल 2026 को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्य जुटाकर शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान पुलिस ने रजिस्ट्री कार्यालय, राजस्व विभाग और विभिन्न बैंकों से दस्तावेज एकत्र किए, जिनसे आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले।

पुलिस ने बताया कि मामले की मुख्य आरोपी बबीता देवी को पहले ही 1 जून 2026 को सहारनपुर से गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।

इसी क्रम में 31 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने फरार आरोपी राजकमल (53 वर्ष) को सहारनपुर की जय कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से थाना तीतरों, सहारनपुर के ग्राम बेरखेड़ी हिंदू का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और पूरे षड्यंत्र की जांच जारी है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल प्रमोद परमार तथा एसओजी नगर के हेड कांस्टेबल किरण कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles