महिलाओं पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई

महिलाओं पर आपत्तिजनक पोस्ट करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई
Spread the love

देहरादून। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए दून पुलिस ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अश्लील, आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां पोस्ट करने वाले आरोपी को शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री नेहा ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई कि “पहाड़ी प्रेमी राजेन्द्र उत्तराखण्डी” नाम से संचालित फेसबुक अकाउंट के माध्यम से महिलाओं के प्रति अश्लील, अपमानजनक और अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया गया, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची तथा समाज में तनाव और वैमनस्य फैलने की आशंका उत्पन्न हुई।
शिकायत के आधार पर डालनवाला थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352/79 तथा स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजेन्द्र सिंह रावत (निवासी मूलतः पौड़ी गढ़वाल, वर्तमान निवासी इंद्रा पार्क, नई दिल्ली) को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विशेष रूप से महिलाओं में भारी आक्रोश था तथा सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने, अभद्र भाषा का प्रयोग करने और सामाजिक शांति भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles