हरिद्वार से चारधाम यात्रा का आगाज, ऋषिकुल मैदान में शुरू हुआ ऑफलाइन पंजीकरण
हरिद्वार। चारधाम यात्रा-2026 के सफल संचालन के लिए हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र से यात्रा का विधिवत आगाज हो गया है। पहले दिन मध्य प्रदेश के शहडोल जनपद से आए तीर्थयात्रियों के दल ने यात्रा के लिए पहला पंजीकरण कराया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने “अतिथि देवो भव” की परंपरा के तहत तीर्थयात्रियों का फूल-मालाओं और तिलक-चंदन से स्वागत किया तथा उनकी यात्रा के मंगलमय होने की कामना की।
पहले पंजीकरण में शहडोल से आए 7 सदस्यीय दल—बिसाहू लाल विश्वकर्मा, मुन्नी विश्वकर्मा, प्यारेलाल विश्वकर्मा, रामदीन प्रजापति, दशरथ प्रजापति, शांति प्रजापति एवं पार्वती प्रजापति—ने भाग लिया। यात्रियों ने पंजीकरण केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
पंजीकरण केंद्र पर तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिला। यहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्क्रीनिंग भी की जा रही है, जिससे यात्रा को सुरक्षित बनाया जा सके।
जिला प्रशासन द्वारा पंजीकरण केंद्र पर सुरक्षा, चिकित्सा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में तीर्थयात्री उपस्थित रहे।

