
रिपोर्ट: ललित जोशी
नैनीताल।सरोवर नगरी नैनीताल और उसके आसपास के पर्यटन स्थलों पर वीकेंड और आगामी 31 दिसंबर को लेकर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। जहां मैदानी एवं तराई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया हुआ है, वहीं नैनीताल में दिन के समय खिली धूप पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आकर्षित कर रही है। सुहावने मौसम का आनंद लेते हुए लोग धूप सेंकते नजर आए और सूर्य देवता का आभार व्यक्त किया।
पर्यटकों की संख्या में निरंतर वृद्धि के चलते नैनीताल और आसपास के अधिकांश होटल एवं गेस्ट हाउस फुल हो चुके हैं। सूत्रों के अनुसार नैनीताल में केवल उन्हीं पर्यटकों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, जिनके होटल या गेस्ट हाउस की पूर्व बुकिंग है। अन्य पर्यटकों के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोककर शटल सेवा बसों के माध्यम से शहर में भेजा जा रहा है, ताकि वे भ्रमण कर सकें और सुरक्षित लौट सकें। इसी तरह कैची धाम नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए भी यातायात को सुव्यवस्थित किया गया है।
पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। वहीं प्रशासन द्वारा ठंड से बचाव के लिए देर शाम से विभिन्न स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने भी असामाजिक तत्वों पर नजर रखते हुए सख्ती के निर्देश जारी किए हैं।
पर्यटकों से सरोवर नगरी पूरी तरह गुलजार नजर आ रही है। पर्यटकों का कहना है कि नैनीताल का मौसम न केवल सुहावना है, बल्कि यहां का शांत वातावरण मन को सुकून देता है। पर्यटकों ने नैनी झील में नौकाविहार का आनंद लिया और मां नयना देवी मंदिर में दर्शन कर अपने एवं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा।
इसके साथ ही पर्यटकों ने हिमालय दर्शन, किलबरी, स्नोव्यू देव मंदिर, चिड़ियाघर, हनुमानगढ़ी, केव गार्डन, वाटर फॉल, भवाली, भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, कैची धाम सहित अन्य रमणीक स्थलों का भ्रमण कर अवकाश का भरपूर आनंद उठाया।

