अल्मोड़ा पुलिस का नशे पर बड़ा प्रहार, फॉर्च्यूनर कार से 54 किलो से अधिक गांजा बरामद
अल्मोड़ा। जनपद पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देघाट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” और “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत पुलिस ने लग्जरी फॉर्च्यूनर कार से तस्करी कर ले जाए जा रहे 54.450 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत लगभग 13.61 लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, 17 मई 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन एवं सीओ अल्मोड़ा/रानीखेत बलवन्त सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा केदार उदयपुर रोड स्थित ग्राम उदयपुर डोभरी गधेरा के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार संख्या CH 01-AR-9289 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन की डिग्गी में रखे तीन कट्टों से क्रमशः 20.100 किलोग्राम, 16.150 किलोग्राम तथा 18.200 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। कुल बरामद गांजे का वजन 54.450 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने मामले में हिम्मत सिंह बोरा निवासी रामनगर, नैनीताल तथा भरत रावत निवासी नई बस्ती पुछड़ी, रामनगर को गिरफ्तार कर थाना देघाट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन को भी सीज कर लिया है।
एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाली देघाट पुलिस टीम को 1,000 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद, अपर उपनिरीक्षक गंगा प्रसाद, हेड कांस्टेबल करुण मिश्रा, कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह एवं कांस्टेबल नीरज बिष्ट शामिल रहे।

