जन दर्शन बना जनसमस्याओं के समाधान का भरोसेमंद मंच, 300 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं
देहरादून। सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जन मिलन/जन दर्शन कार्यक्रम में 300 से अधिक शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई की गई। भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, मुआवजा, राशन कार्ड, विद्युत, पेयजल और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जन दर्शन में कई संवेदनशील मामले सामने आए। प्रेमनगर निवासी सुरेश कुमार ने अपने बेटे और बहू द्वारा घर से निकाले जाने और धमकी देने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत वाद दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं वरिष्ठ नागरिक कमल नयन भुटानी द्वारा संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर जिला शासकीय अधिवक्ता को जांच सौंपी गई।
सभांवाला निवासी शिवानी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत मशीन खरीदने के लिए लिए गए ऋण पर सब्सिडी न मिलने और कुर्की नोटिस जारी होने की समस्या रखी। जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
तलाकशुदा महिला ममता रानी ने राशन कार्ड न बनने की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि भूमि दस्तावेज और बिजली बिल न होने के कारण राशन कार्ड नहीं बन पा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को दो दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
डालनवाला क्षेत्र के अभिभावकों ने सैमसै पब्लिक स्कूल पर बच्चों के उत्पीड़न, पुरानी फीस वसूली और टीसी न देने के आरोप लगाए। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच के निर्देश दिए।
जन दर्शन में कई जरूरतमंद परिवार इलाज, शिक्षा और फीस माफी के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे। विधवा समुन पाल द्वारा पति की मृत्यु के बाद ई-रिक्शा ऋण चुकाने में असमर्थता जताने पर जिलाधिकारी ने रायफल क्लब से सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं इलाज और बच्चों की पढ़ाई के लिए सहायता मांगने वाले अन्य जरूरतमंदों को नंदा-सुनंदा एवं रायफल क्लब में आवेदन प्रस्तुत करने को कहा गया।
फतेहपुर ग्रांट में सिंचाई गूल पर अवैध कब्जे से सिंचाई बाधित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को 23 मई तक कार्रवाई रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। हिमज्योति एन्कलेव में अवैध डेयरी से फैल रही गंदगी के मामले में नगर निगम को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ग्राम पंचायत लिस्ट्राबाद ग्रांट में कूड़ा वाहन उपलब्ध कराने, कालसी क्षेत्र में भूमि अभिलेखों की विसंगतियों, चकराता क्षेत्र में क्षतिग्रस्त पुलिया, नेशनल हाईवे मुआवजा मामलों और सार्वजनिक परिवहन सुविधा बहाल करने से जुड़े मामलों पर भी संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी(वि.रा) केके मिश्रा, अपर आयुक्त नगर निगम प्रवीण कुमार, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढ़ौडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढ़ौडियाल सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

