राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण में देरी पर आक्रोश, अगस्त के अंत में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन की तैयारी तेज

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारी मंच की ओर से रविवार को शहीद स्मारक में बैठक आयोजित कर राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण में हो रही देरी और अगस्त माह के अंत में प्रस्तावित प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को लेकर गहन चर्चा की गई। बैठक का संचालन पूरण सिंह लिंगवाल ने किया, जबकि अध्यक्षता पुष्पलता सिलमाणा ने की।
प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती एवं राधा तिवारी ने कहा कि शासन स्तर पर बरती जा रही ढिलाई के कारण विभिन्न जिलों में जिलाधिकारी चिन्हीकरण प्रक्रिया को लेकर अपेक्षित पहल नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे गत स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा की भावना के अनुरूप कार्य नहीं हो पा रहा है। उन्होंने मांग की कि चिन्हीकरण प्रक्रिया में तेजी लाते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
जगमोहन सिंह नेगी ने कहा कि अगस्त माह के अंत में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मिलकर प्रयास करना होगा। सम्मेलन में राज्य के महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ-साथ राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं पर सत्रवार चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में मुख्यमंत्री को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा।
राजेन्द्र बहुगुणा, शुभागा फर्स्वाण एवं युद्धवीर सिंह चौहान ने कहा कि लंबे समय से अधिकारियों की कार्यशैली में अपेक्षित तेजी नहीं आने के कारण राज्य आंदोलनकारियों की उपेक्षा हो रही है। इससे शहीद आंदोलनकारियों के परिजनों सहित प्रदेशभर के राज्य आंदोलनकारियों में रोष व्याप्त है। रामलाल खंडूड़ी एवं सुरेन्द्र रावत ने कहा कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है तथा शीघ्र ही पदाधिकारियों की तैयारी बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी, युद्धवीर सिंह चौहान, राजेन्द्र बहुगुणा, विशम्भर दत्त बौंठियाल, रामलाल खंडूड़ी, प्रदीप कुकरेती, भरत सिंह पडियार, पूरण सिंह लिंगवाल, सुरेश नेगी, रतन अमोली, मोहन खत्री, गणेश डंगवाल, चन्द्र किरण राणा, ललित जोशी, प्रताप पंवार, मोहन थापा, सुशील चमोली, सुनील नौगांई, मनोज नौटियाल, यशोदा रावत, राधा तिवारी, द्वारिका बिष्ट, सुशीला चन्दोला, राजेश्वरी नेगी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।

