महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में शैक्षणिक सभागार भवन का शिलान्यास

महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में शैक्षणिक सभागार भवन का शिलान्यास
Spread the love

यमकेश्वर। महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में बनने वाले शैक्षणिक सभागार भवन का शिलान्यास आज योगी आदित्यनाथ ने किया। यह सभागार हेमंत द्विवेदी द्वारा अपने पूज्य दादा स्वर्गीय पंडित तोताराम द्विवेदी की स्मृति में निर्मित कराया जा रहा है।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार शर्मा, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, छात्रसंघ पदाधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षा संस्थानों का विकास राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि सीमांत और ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक सुविधाओं से युक्त शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने महायोगी गुरु गोरखनाथ की तपोभूमि से जुड़े इस क्षेत्र में शिक्षा और संस्कार दोनों को समान महत्व देने पर बल दिया तथा हेमंत द्विवेदी के योगदान की सराहना की।

क्षेत्रवासियों ने इस पहल को शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए स्वागत किया। लोगों का कहना है कि यह आधुनिक शैक्षणिक सभागार विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विकास में सहायक सिद्ध होगा।

उल्लेखनीय है कि महाविद्यालय के एडमिन ब्लॉक के ऊपर लगभग 1800 वर्ग फीट क्षेत्रफल में इस बहुउद्देशीय हाल का निर्माण कराया जाएगा। यह सभागार शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं छात्र गतिविधियों के संचालन के लिए उपयोगी रहेगा।

महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस निर्माण से विद्यार्थियों को सेमिनार, कार्यशाला, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और अन्य आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। निर्माण कार्य अगले 10 से 15 दिनों में शुरू कर दिया जाएगा। महाविद्यालय प्रशासन एवं छात्रसंघ ने इस सहयोग के लिए हेमंत द्विवेदी और द्विवेदी परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया।

देवभूमि खबर

Related articles