वृद्धावस्था पेंशन फर्जीवाड़ा: मोर्चा ने की प्रदेशभर में सघन अभियान चलाने की मांग
विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने वृद्धावस्था पेंशन में हो रहे फर्जीवाड़े को लेकर सरकार से प्रदेशभर में सघन अभियान चलाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि देहरादून जनपद के एक गांव में अधिक उम्र दर्शाकर पेंशन लेने वाले लोगों पर मुकदमा दर्ज होना सराहनीय कदम है, और इसी तर्ज पर पूरे प्रदेश में कार्रवाई होनी चाहिए।
नेगी ने कहा कि इस फर्जीवाड़े में शामिल लाभार्थियों और संस्तुति करने वालों दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए तथा जालसाजी व कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर प्राप्त पेंशन की रिकवरी भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि नियम विरुद्ध कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों पर भविष्य में चुनाव लड़ने पर प्रतिबंध लगाया जाए।
उन्होंने आशंका जताई कि अकेले देहरादून जनपद में 1000 से अधिक लोग 50-55 वर्ष की आयु में ही वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रहे हैं। यदि पूरे प्रदेश में सघन जांच अभियान चलाया जाए तो हजारों फर्जी लाभार्थी सामने आ सकते हैं।
नेगी ने सरकार से इस मामले में शामिल लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों, दलालों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा अवैध रूप से ली गई धनराशि की वसूली के निर्देश जारी करने की मांग की।
इस दौरान पत्रकार वार्ता में दिलबाग सिंह और प्रवीण शर्मा पिन्नी भी मौजूद रहे।

