IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी का बड़ा खुलासा, ऊधमसिंहनगर पुलिस ने दिल्ली के शातिर बुकी को दबोचा
ऊधमसिंहनगर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने “अपराध मुक्त देवभूमि उत्तराखंड” अभियान के तहत आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले दिल्ली निवासी एक शातिर बुकी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के अंतर्गत SOG रुद्रपुर और कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 19 मई 2026 की रात उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान SOG रुद्रपुर टीम से सूचना मिली कि सिडकुल आनंदपुर रोड स्थित धर्मकांटे के आगे एक व्यक्ति सफेद रंग की हॉन्डा सिटी कार में बैठकर आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है।
सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। सड़क किनारे खड़ी कार संख्या DL10CL7743 में एक व्यक्ति लैपटॉप पर कार्य करता मिला, जिसे पुलिस ने तत्काल हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान रंजीत सिंह सैनी निवासी पालम कॉलोनी, दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 92 हजार रुपये नकद, एक लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, एक नीले रंग का बैग और हॉन्डा सिटी कार बरामद की। जांच के दौरान लैपटॉप में विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से ग्राहकों के नाम, आईपीएल टीमों के रेट, हार-जीत और रकम का रिकॉर्ड मिला। मोबाइल फोन में सट्टेबाजी से जुड़ी वॉयस रिकॉर्डिंग और पेटीएम लेनदेन के स्क्रीनशॉट भी पाए गए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए सुनसान स्थानों पर कार खड़ी कर ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित करता था और मोबाइल कॉल व डिजिटल पेमेंट के माध्यम से पूरा नेटवर्क संचालित किया जाता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली ट्रांजिट कैंप में धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही बरामद कार को भी कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि युवाओं को बर्बाद करने वाले सट्टेबाजों और अपराधियों के खिलाफ ऊधमसिंहनगर पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

