ऑपरेशन प्रहार में बड़ी सफलता: 3 तमंचे व 2.6 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
ऊधमसिंहनगर। जनपद पुलिस द्वारा अवैध नशे और असलहों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बाजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई है, जिसमें पुलिस ने 50 हजार रुपये से अधिक कीमत का गांजा और अवैध हथियार बरामद किये हैं।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चल रहे इस अभियान में 14 अप्रैल 2026 को कोतवाली बाजपुर पुलिस टीम ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान लेवडा नदी तिराहे के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 02.664 किलोग्राम गांजा, 03 अवैध तमंचे (315 बोर) तथा 02 जिन्दा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सेरान अन्सारी (22 वर्ष) और मौ0 अबूजर (20 वर्ष) निवासी रामनगर क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ कोतवाली बाजपुर में एफआईआर संख्या 136/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट और 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि मौ0 अबूजर के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जनपद में अवैध नशे और असलहों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

