जनगणना कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम मयूर दीक्षित की सख्ती, तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
हरिद्वार, 14 अप्रैल 2026। जनगणना 2027 की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे शीर्ष प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। देर रात्रि जिला आपदा कंट्रोल रूम में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
समीक्षा के दौरान जनगणना कार्य की गति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) से जुड़े सभी कार्य 18 अप्रैल 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत निर्धारित कार्य 25 अप्रैल से 05 मई 2026 के बीच हर हाल में पूरा करने को कहा।
बैठक में एग्रीस्टैक (AgriStack) के तहत चल रहे कार्यों—आधार सीडिंग, डीसीएस और किसान रजिस्ट्री—की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को इन कार्यों को सुनियोजित रणनीति के साथ तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की प्राथमिकताओं को समय पर पूरा किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतत मॉनिटरिंग और प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाने पर जोर दिया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर लंबित राजस्व वादों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वादकारियों को अनावश्यक रूप से तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए सभी मामले प्राथमिकता के आधार पर निपटाए जाएं।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान सहित विभिन्न उपजिलाधिकारी, नगर निकायों के अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

