ऑपरेशन प्रहार के तहत STF की बड़ी सफलता, ₹50 हजार का इनामी आरोपी आगरा से गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखण्ड एसटीएफ, सीबीसीआईडी और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹50 हजार के इनामी आरोपी देवेन्द्र प्रकाश तिवारी को आगरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2018 से हरिद्वार के ज्वालापुर थाने में दर्ज करोड़ों की आर्थिक धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत लंबे समय से फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में धेनु एग्रो प्रोड्यूसर लिमिटेड द्वारा आरडी और फिक्स डिपॉजिट के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित देवेन्द्र प्रकाश तिवारी को गिरफ्तार किया गया।
विवेचना में सामने आया था कि कंपनी ने लोगों को निवेश के नाम पर विभिन्न बॉन्ड और सर्टिफिकेट जारी कर ठगी की। मामले में कंपनी संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, उत्तरांचल निक्षेपक हित अधिनियम, चिटफंड एवं भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
एसटीएफ के अनुसार आरोपी पिछले करीब सात वर्षों से लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था। तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। विश्वसनीय सूचना मिलने पर आगरा में संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी देवेन्द्र प्रकाश तिवारी निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसे आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कोतवाली ज्वालापुर भेज दिया गया है।
एसएसपी एसटीएफ ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जघन्य अपराधों में वांछित और फरार अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

