धराली में अतिवृष्टि पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जताया दुख, तीर्थयात्रियों से सतर्क रहने की अपील

धराली में अतिवृष्टि पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जताया दुख, तीर्थयात्रियों से सतर्क रहने की अपील
Spread the love

देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उत्तरकाशी जनपद के धराली क्षेत्र में मंगलवार को खीर गंगा के पास हुई अतिवृष्टि एवं बादल फटने की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार राहत और बचाव कार्यों के लिए हरसंभव मदद कर रही है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आंध्र प्रदेश का अपना दौरा रद्द कर देहरादून पहुंचकर आपदा की पल-पल की जानकारी ली। आपदा प्रबंधन विभाग, जिला प्रशासन, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ एवं पुलिस की टीमें मौके पर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं। उन्होंने आशा जताई कि शीघ्र ही रेस्क्यू कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

हेमंत द्विवेदी ने चारधाम यात्रा पर आए देश-विदेश के तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार अपराह्न करीब पौने दो बजे धराली (उत्तरकाशी) स्थित खीर गंगा क्षेत्र में बादल फटने की घटना हुई, जिससे कई घर बह गए हैं। अभी तक जन-धन की क्षति का पूरा ब्यौरा नहीं मिल पाया है।

देवभूमि खबर

Related articles